खेलों में अधिक से अधिक भाग लें युवा -अल्ट्रामैन धावक डॉ राहुल कुमार

औरंगाबाद( बुलंदशहर ) देश के उदीयमान युवा अल्ट्रामैन धावक डॉ राहुल कुमार ने कहा कि देश में युवा प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। युवाओं को खेलों में अधिक से अधिक भाग लेना चाहिए। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है। डाक्टर राहुल कुमार पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय बुलंदशहर में बाल दिवस पर आयोजित वार्षिक खेल उत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे । इससे पूर्व विद्यालय पहुंचे मुख्य अतिथि का प्रधानाचार्य ने भव्य स्वागत सत्कार किया। डाक्टर राहुल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। मशाल जलाकर एवं शांति का प्रतीक माने जाने वाले पक्षी कबूतर को उड़ा कर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतिभागी छात्र खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने छात्र छात्राओं को खेल नियमों की जानकारी देते हुए खेलों को खेल भावना के साथ खेलने और अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में अलग अलग खेलों में शिवाजी हाउस, टैगोर हाउस, रमन हाउस, तथा अशोका हाउस के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की एच ओ डी अनीता रानी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को अशोक स्लोगन स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल