दनकौर

बंजारा युवा जागरूकता सम्मेलन 2 अगस्त को

बिलासपुर/ग्रेटर नोएडा: बंजारा समाज के युवाओं में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 2 अगस्त 2026 (रविवार) को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ऑडिटोरियम-1, ग्रेटर नोएडा में “बंजारा युवा जागरूकता सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर आयोजकों ने बिलासपुर स्थित डमरू गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य “शिक्षित युवा – संगठित समाज – सशक्त राष्ट्र” की अवधारणा को साकार करना है। कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, संगठन की शक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

सम्मेलन में महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय भाऊ राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा समाज, प्रशासन और आध्यात्मिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। कार्यक्रम में संत-महात्माओं के प्रेरक आशीर्वचन, समाज के प्रबुद्धजनों के विचार, युवा जागरूकता सत्र तथा सामाजिक एकता और समाज के समग्र विकास पर विशेष चर्चा होगी।

आयोजन समिति के कार्यक्रम संयोजक अवनेश नायक एवं सह संयोजक कवि अर्जुन सिंह बंजारा ने बताया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मायचा, कासना, खोदना खुर्द, अलौदा जागीर सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी गणमान्य नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं बंधु-बांधवों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

प्रेस वार्ता के दौरान कैलाश नायक, त्रिलोक नायक, रिंकू नायक, मुन्ना नायक, संजय नायक एवं संजीव नायक सहित अन्य समाजसेवी मौजूद रहे।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!