औरंगाबाद में सर्राफ की दुकान पर दिल्ली पुलिस का छापा
चैन स्नैकर और पीड़िता महिला को साथ लेकर आई थी पुलिस ,चोरी की चैन खरीदने के आरोपी सर्राफ को उठाया पुलिस ने, बाद में छोड़ा

औरंगाबाद (बुलंदशहर )दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एक सर्राफ की दुकान पर छः महीने पहले एक चैन स्नैकर से खरीदी गई चैन की तलाश में छापामारी की। पुलिस चैन स्नेकर और पीड़ित महिला को अपने साथ लेकर आई थी। चैन स्नेकर ने आरोपी सर्राफ की शिनाख्त की। चैन बरामद नहीं होने पर पुलिस सर्राफ को अपने साथ लेकर औरंगाबाद थाने पहुंची। बाद में सर्राफ को छोड़ दिया गया।
शुक्रवार को कस्बे के मेन बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली पुलिस ने एक सर्राफ की दुकान पर जाकर पूछताछ शुरू की। दिल्ली पुलिस ने औरंगाबाद थाने में आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर यह कार्रवाई शुरू की। दिल्ली पुलिस के साथ मौहल्ला अजीजाबाद कस्बा औरंगाबाद का एक युवक और एक महिला भी साथ थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार महिला की सोने की चैन लगभग छः महीने पहले छीनी गई थी। चैन स्नेकर की पहचान औरंगाबाद कस्बे के मौहल्ला अजीजाबाद निवासी एक युवक के रूप में हुई थी। पीड़ित महिला और चैन स्नैकर पुलिस के साथ थे। सर्राफ के यहां चैन बरामद नहीं होने पर पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। जहां से उसे छोड़ दिया गया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने संबंधित सर्राफ को नोटिस तामील कराने के पश्चात थाने से छोड़ा है। जिसकी एंट्री जी डी में दर्ज कराई गई है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






