दनकौर

श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में “बैंकिंग और फाइनेंस के लिए साइबर सिक्योरिटी” विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित

दनकौर: श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर में आज  सचिव एवं प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स के दिशा-निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा “बैंकिंग और फाइनेंस के लिए साइबर सिक्योरिटी” विषय पर एक अतिथि व्याख्यान का आयोजन महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. प्रीति सक्सेना, असिस्टेंट प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग, जे.एस. (पी.जी.) कॉलेज, सिकंदराबाद से रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में साइबर सुरक्षा के महत्व तथा डिजिटल युग में सुरक्षित वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

अपने व्याख्यान में डॉ. प्रीति सक्सेना ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान तथा ई-कॉमर्स के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ साइबर अपराधों में भी तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को फिशिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, नकली वेबसाईट, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं अन्य साइबर ठगी से बचने के प्रभावी उपायों से अवगत कराया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल लेन-देन करते समय सदैव सतर्क रहना चाहिए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित बैंक अथवा साइबर हेल्पलाइन को देनी चाहिए। उनके अनुसार, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही सुरक्षित डिजिटल भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं उपप्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को समसामयिक विषयों की व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करते हैं तथा उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक गण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में वाणिज्य विभाग की ओर से मुख्य वक्ता डॉ. प्रीति सक्सेना का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!