विधायक अनिल शर्मा ने बनेल-अल्लीपुर मार्ग निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर जारी रहेंगे प्रयास, पहासू कस्बे को जाम की समस्या से मिलेगी राहत

पहासू : विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्रदान करते हुए विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने गुरुवार को खुर्जा–पहासू–छतारी (राज्य मार्ग संख्या-63) से ग्राम बनेल रजवाहे की पटरी होते हुए ग्राम अल्लीपुर तक प्रस्तावित सड़क के नवनिर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2.75 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
पहासू के खुर्जा रोड स्थित ग्राम बनेल मोड़ पर मंदिर के निकट आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनिल शर्मा ने जिला उपाध्यक्ष्य मलिखन सिंह सहित हर्षवर्धन शर्मा बनेल के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग पहासू कस्बे में लगने वाले जाम को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगा, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण सड़क, बिजली, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान कई जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मनोज शर्मा, सुभाष प्रधान, दिनेश राघव, राकेश सिसोदिया, अमरीश गौतम, विमल राघव, संग्राम सिंह, हर्षवर्धन शर्मा, विजय चौधरी, स्वामी सोही, मोनू पाठक, संदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, भगवान शर्मा, तरंगदीप शर्मा, जगदीश राघव, आकाश गर्ग, रिंकू शर्मा, ध्रुव शर्मा, पिंटू गोस्वामी, काशी तोमर, शिवम ठाकुर, मधुर शर्मा, गोपाल शर्मा, विक्रम ठाकुर आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा






