ग्रेटर नोएडा

जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम का किया आयोजन

ग्रेटर नोएडा: जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा सामुदायिक सेवा एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से एक प्रभावशाली कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के अंतर्गत छात्र-छात्राएं प्राथमिक विद्यालय जेतपुर वैशपुर, दादरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने नन्हे बच्चों के बीच खाद्य सामग्री एवं आवश्यक उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया।

वितरण के दौरान विद्यार्थियों को संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि शरीर के समुचित विकास और स्वस्थ रहने के लिए सभी आवश्यक पोषक तत्व-कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, खनिज लवण तथा जल उचित मात्रा में आहार में शामिल होने चाहिए। यह आहार न केवल शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि शारीरिक वृद्धि और रोगों से रक्षा में भी सहायक होता है। साथ ही विद्यार्थियों को संतुलित आहार के लाभ, कुपोषण के प्रमुख कारणों तथा उसके लक्षणों के बारे में भी संक्षेप में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों ने बच्चों के साथ समय व्यतीत करते हुए उनसे आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी के बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अनुभव ने विद्यार्थियों को समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील बनने और सहयोग की भावना विकसित करने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमती ‘डॉ• रेनू सहगल ने इस अवसर पर विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!