स्कूल बस से कुचलकर छः वर्षीया छात्रा दिव्यांशी की दुखद मौत
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले जांच शुरू की

औरंगाबाद (बुलंदशहर)स्कूल बस से स्कूल जा रही छः वर्षीया स्कूली छात्रा की बस से कुचल कर दुखद मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले कर बस को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के पश्चात मृतक बालिका का गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव माधोगढ़ निवासी अमित कुमार की पुत्री दिव्यांशी उम्र लगभग छः वर्ष देव विद्या पब्लिक स्कूल जाडौल में यूकेजी की छात्रा थी। रोजाना की भांति सोमवार को सुबह वह अपने घर से स्कूल बस में सवार होकर स्कूल जा रही थी। जयराम पुर कुदैना गांव के पास बस अचानक किसी कारण रुक गई। दिव्यांशी बस से उतर कर सामने की दुकान से कुछ सामान लेने चली गई। वह बस में चढ़ रही थी तभी चालक ने लापरवाही से बस चला दी जिसके चलते दिव्यांशी बस के पिछले पहिए की चपेट में आकर कुचल गयी। बुरी तरह घायल दिव्यांशी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से ग्रामीणों सहित परिजनों में हड़कंप मच गया। जहांगीराबाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस चालक हितेश कुमार निवासी ग्राम जाडौल को हिरासत में ले कर ट्रैवलर बस संख्या यूपी 13ई टी 1715 को कब्जे में ले लिया। मृतक का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया। अत्यंत गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार गांव माधोगढ़ में कर दिया गया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार बस टेवलर सिद्ववली टृैवलर जाडौल के प्रशांत कुमार की थी जो कांटृैक्ट बेस पर स्कूली बच्चों को लाने ले जाने के लिए लगी हुई थी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल


