वीर विराट एसोसिएशन ने संयुक्त मोर्चा के आंदोलन को दिया पूर्ण समर्थन

ग्रेटर नोएडा: वीर विराट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अभिषेक ने संयुक्त मोर्चा के समर्थन में अपना पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त मोर्चा किसी भी प्रकार से अकेला नहीं है। संगठन तन, मन और धन से संयुक्त मोर्चा के साथ खड़ा है और सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा।
डॉ. अभिषेक ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन यह सोच रहा है कि संयुक्त मोर्चा अकेला है, तो यह उनकी गलतफहमी है। यह संघर्ष केवल कुछ लोगों का नहीं, बल्कि पूरे सफाई कर्मचारी समाज और श्रमिक वर्ग के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई है। हम अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे और जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के सभी सामाजिक संगठनों, कर्मचारी संगठनों एवं यूनियनों से अपील करते हुए कहा कि वे संयुक्त मोर्चा के समर्थन में आगे आएं। उन्होंने आह्वान किया कि जब तक कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सभी सफाई कर्मचारी एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन करें।
वीर विराट एसोसिएशन ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि वर्ष 2010 तथा उससे पहले नियुक्त सभी सफाई कर्मचारियों को स्थायी (परमानेंट) किया जाए तथा उनकी वाजिब वेतन संबंधी मांगों को शीघ्र स्वीकार किया जाए।
डॉ. अभिषेक ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई, तो आंदोलन और अधिक व्यापक होगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं प्राधिकरण की होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि आज सफाई कर्मचारी अपनी एकता और शक्ति का लोकतांत्रिक प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरे हैं और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।






