गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में शिक्षण अधिगम सामग्री प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान क्लब द्वारा शिक्षण–अधिगम सामग्री प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, विषय की गहन समझ तथा व्यवहारिक शिक्षण कौशल का विकास करना था।

विभाग में संचालित 2 वर्षीय बी.एड. तथा 4 वर्षीय शिक्षक शिक्षा एकीकृत कार्यक्रम (आई टी ई पी ) बीएससी बीएड, बीए बीएड एवं बीकॉम बीएड के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रदर्शनी में शिक्षण शास्त्र, विज्ञान, कला, भाषा और वाणिज्य जैसे विषयों पर आधारित विविध शैक्षणिक मॉडल एवं क्रियात्मक प्रतिरूप प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने जटिल अवधारणाओं को सरल, आकर्षक एवं प्रयोगात्मक रूप में प्रस्तुत करते हुए प्रभावी शिक्षण की संभावनाओं को सशक्त ढंग से प्रदर्शित किया। प्रस्तुत मॉडलों में नवाचार, रचनात्मकता और विषय-वस्तु की स्पष्टता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो॰ राणा प्रताप सिंह रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा सतत विकास, मस्तिष्क संरचना, तलपट एवं मुख्य बाजार जैसे प्रत्ययों पर आधारित मॉडलों की विशेष सराहना की। साथ ही उन्होंने इन मॉडलों को और अधिक क्रियात्मक एवं त्रि-आयामी (3डी ) रूप में विकसित करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ भावी शिक्षकों में नवाचार, शोधपरक दृष्टिकोण और व्यवहारिक दक्षता के विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं तथा भविष्य में भी इनके नियमित आयोजन की आवश्यकता है।
इस अवसर पर मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो॰ माधव गोविंद सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में प्रोo . उत्तम कुमार, डॉ. मनमोहन सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं विभागों के प्रवक्तागण उपस्थित रहे तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को ऐसी रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में विभाग समन्वयक डॉ. स्तुति कंवर ने सभी अतिथियों, प्रवक्ताओं एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम की सफलता में विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान समन्वयकों डॉ. शालिनी भारद्वाज एवं डॉ. पूजा जैन तथा विभाग के प्रवक्ताओं डॉ. श्रुति कंवर, डॉ. ममता रानी, डॉ. वैशाली, डॉ. शिवानी और डॉ. यशवंत कुमार सहित सभी विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक प्रयासों से यह प्रदर्शनी प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक और अत्यंत सफल सिद्ध हुई।







