शिक्षण संस्थान

संचारी रोगों से बचाव के विभिन्न उपायों पर संगोष्ठी का आयोजन

दनकौर:आज श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन का कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय, विकासखंड दनकौर (ग्राम सलारपुर) में संपन्न हुआ। यह शिविर कॉलेज के सचिव  रजनीकांत अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स के संरक्षण में तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कन्नौजिया एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी अमित नागर के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दीपक कौशिक, डॉ. आलोक सिंह (स्वास्थ्य अधिकारी), डॉ. मनीष यादव (चिकित्सा अधिकारी) तथा श्री हरि ओम प्रकाश द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर “स्वास्थ्य एवं संचारी रोग – टीबी, मलेरिया, डेंगू एवं कोरोना” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में डॉ. आलोक सिंह ने संचारी रोगों से बचाव के विभिन्न उपायों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को जागरूक किया। वहीं डॉ. दीपक कौशिक, जो कि टीबी विभाग से संबंधित हैं, उन्होंने टीबी के प्रकार, उसके उपचार तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

डॉ. मनीष यादव ने बच्चों में होने वाली बीमारियों तथा उनके उचित पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता बताई। इसी क्रम में श्री हरि ओम प्रकाश के नेतृत्व में स्वयंसेवकों द्वारा टीबी जागरूकता पर आधारित एक नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को रोग के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कुशाल भाटी ने समाज सेवा की भावना को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। वहीं कॉलेज की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रेशा ने अपने वक्तव्य में कहा कि समाज के समुचित विकास के लिए नारी और पुरुष दोनों का समान योगदान आवश्यक है। यदि दोनों के बीच संतुलन बना रहेगा तो समाज एक मजबूत और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा।

इसी क्रम में डॉ. निशा शर्मा (सहायक प्राध्यापिका, गृह विज्ञान विभाग) ने अपने संबोधन में संतुलित आहार, भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और समयानुसार भोजन ग्रहण करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है, जिससे व्यक्ति की कार्यक्षमता बढ़ती है और वह समाज व राष्ट्र के विकास में बेहतर योगदान दे सकता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रशांत कनौजिया द्वारा किया गया। अंत में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से आए सभी अधिकारियों एवं कॉलेज के समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें छात्रों ने स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित कविताओं का पाठ, भाषण एवं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से संचारी रोगों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम सलारपुर में टीबी जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्रों ने विभिन्न जागरूकता नारों एवं पोस्टरों के माध्यम से ग्रामीणों को टीबी तथा अन्य संचारी रोगों के प्रति सचेत रहने, समय पर जांच कराने तथा उचित उपचार लेने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन का कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!