एन एच एम संविदा कर्मियों का सी एम ओ को अल्टीमेटम
वेतन दो वर्ना काम नहीं करेंगे होगा आंदोलन

औरंगाबाद( बुलंदशहर)दो माह से वेतन को तरसते आ रहे एन एच एम संविदा कर्मियों ने वेतन के अविलंब भुगतान की मांग के साथ वेतन नहीं तो काम नहीं की कड़ी चेतावनी दे आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश संगठन के आवाह्न पर कर्मचारियों ने मार्च और अप्रैल माह का वेतन न मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नाम मंगलवार को ए सी एम ओ डा सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि संविदा कर्मियों को मार्च और अप्रैल माह का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है। इसके जल्द से जल्द भुगतान कराया जाये। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि 20 मई तक भुगतान नहीं किया गया तो एन एच एम अधिकारी एवं कर्मचारी कर्मचारी विवश होकर 21 मई से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय प्रांगण में धरने पर बैठने के लिए विवश होंगे।
संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि लगातार काम करने के बाबजूद समय से वेतन भुगतान ना होने से कर्मचारियों को परिवार का भरण पोषण मुश्किल हो गया है नवीन शिक्षा सत्र शुरू होने से बच्चों की पढ़ाई लिखाई तक धनाभाव के चलते बाधित हो गई है ।
जिला महामंत्री डॉ तहसीन रज़ा ने समस्त संविदा कर्मियों को वेतन भुगतान ना होने पर 21 मई को प्रातः दस बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र होकर नो पे नो वर्क के चलते धरने पर बैठने की अपील की है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






