अहिल्याबाई होलकर जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, अष्टधातु प्रतिमा का हुआ अनावरण
हजारों लोगों की मौजूदगी में निकली भव्य बाइक रैली,विधायक अनिल शर्मा ने निजी कोष से स्थापित कराई प्रतिमा

बुलंदशहर : लोकमाता मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पंडरावल दोराहे स्थित मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर चौक पर उनकी अष्टधातु की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा ने हजारों लोगों की मौजूदगी में विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रतिमा का अनावरण किया। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।
छतारी के पंडरावल दोराहे पर मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर चौक का निर्माण कराया गया है। जयंती के अवसर पर विधायक अनिल शर्मा ने अपने निजी कोष से अष्टधातु की नवीन प्रतिमा स्थापित कराई। रविवार को विधायक अनिल शर्मा एवं होलकर सेना के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिमा का अनावरण किया।प्रतिमा अनावरण से पूर्व पहासू स्थित मठ मंदिर से भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई पंडरावल स्थित मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर चौक पहुंची।
इस दौरान मातेश्वरी के जयघोषों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति एवं मातेश्वरी के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि लोकमाता मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर का संपूर्ण जीवन सेवा, धर्म, न्याय एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर रामपाल सिंह, नीरज बघेल, सुंदर सिंह, जितेंद्र कुमार, पहासू मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, रेशमपाल, पूर्व प्रधान चोखेलाल सिंह, राधेश्याम, विमल राघव, भगवती प्रसाद, चरण सिंह, विनय, योगेंद्र चौहानपुर, प्रवेश प्रधान, रिंकू शर्मा, कंच्छी सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा






