मामूली बारिश में औरंगाबाद में सड़कों पर बन गये ताल तलैया, घरों दुकानों में भरा गन्दा पानी
मेन बाजार, नागेश्वर मंदिर रोड, लोहारू मस्जिद, वाल्मीकि चौक पर हुआ जलभराव

औरंगाबाद( बुलंदशहर )बेमौसम गुरुवार को हुई मामूली बारिश से औरंगाबाद कस्बे में सड़कों पर जगह-जगह भीषण जल भराव हो जाने से नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था, विकास कार्यों और डृैनेज सिस्टम की पोल खुल गई। मेन सदर बाजार में व्यापारियों की दुकानों में पानी भर गया और मंदिर मस्जिद जाने वालों तक को कींचड बदबू दार गन्दे पानी से होकर गुजरना पड़ा। लोगों का कहना है कि जब इस बेमौसम मामूली बारिश में कस्बे का ये हाल हो गया तो आगामी बरसात में क्या हाल होगा?
गुरुवार सुबह हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कस्बे में डृैनेज सिस्टम इतना खराब हो चुका है कि पानी का निकास ही नजर नहीं आता। नालियों में कींचड गंदगी और गन्दे पानी की भरमार से सड़कों पर जगह-जगह पानी लबालब भर जाता है। राहगीरों को आने जाने में भारी असुविधाजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती है और ना ही समस्या का समाधान करने की ही किसी को परवाह नजर आती है। विकास कार्यों में घपले कमीशनखोरी भृष्टाचार और घटिया सामग्री लगाये जाने के चलते कस्बे की स्थिति नरक से भी बदतर हो चुकी है। गुरुवार को बारिश से मेन सदर बाजार सहित कई अन्य स्थानों पर सड़कों पर ताल तलैया नजर आये। लेकिन एक भी सर्वेसर्वा अथवा नगर पंचायत का अधिकारी कस्बे की स्थिति का जायजा लेता नजर नहीं आया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






