ग्रेटर नोएडा

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में बौद्ध धरोहर को मिलेगा नया आयाम, ‘बौद्ध धर्म के प्रसार’ पर भव्य प्रदर्शनी की रखी गई आधारशिला

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू), ग्रेटर नोएडा में “बौद्ध धर्म के प्रसार पर आधारित प्रदर्शनी” के निर्माण हेतु आधारशिला रखी गई। यह प्रदर्शनी भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आई जी एन सी ए ), नई दिल्ली के सहयोग से विकसित की जा रही है। यह पहल भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत के संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक स्तर पर उसके प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

आधारशिला का अनावरण गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत बौद्ध दर्शन और संस्कृति की जन्मस्थली है तथा इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी न केवल विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संसाधन सिद्ध होगी, बल्कि भारत से विश्व के विभिन्न देशों तक बौद्ध धर्म की ऐतिहासिक यात्रा, उसके दार्शनिक सिद्धांतों, सांस्कृतिक प्रभावों एवं वैश्विक योगदान को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रदर्शनी भारत की सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय, रजिस्ट्रार प्रो. चंदर कुमार सिंह, निदेशक (निर्माण) श्री एस. के. मिश्रा, स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइजेशन के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के निदेशक डॉ. चिंतला वेंकट शिवासाई, अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंसारी, सहायक अभियंता डॉ. शोभा राम, निर्माण निदेशालय के अधिकारी, स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइजेशन के संकाय सदस्य, कर्मचारी तथा विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान करते हुए स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज़ एंड सिविलाइजेशन के भिक्षुओं एवं विद्यार्थियों ने बुद्ध वंदना का सामूहिक पाठ किया। शांतिपूर्ण बौद्ध मंत्रोच्चार से पूरे परिसर में आध्यात्मिक, सौहार्दपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण का निर्माण हुआ।

प्रस्तावित प्रदर्शनी में बौद्ध धर्म के ऐतिहासिक प्रसार, उसके दार्शनिक आधार, कला एवं स्थापत्य परंपराओं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा विश्वभर में उसके प्रभाव को आधुनिक दृश्य माध्यमों, चयनित प्रदर्श सामग्रियों एवं शैक्षणिक संसाधनों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। यह प्रदर्शनी गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य भारत की समृद्ध बौद्ध एवं सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।

कार्यक्रम का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि इस प्रदर्शनी को शीघ्र पूर्ण कर इसे अध्ययन, शोध, सांस्कृतिक संवाद तथा बौद्ध ज्ञान के प्रसार का एक विशिष्ट केंद्र बनाया जाएगा। यह पहल बौद्ध अध्ययन के क्षेत्र में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की अग्रणी भूमिका को और सुदृढ़ करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को भी नई दिशा प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!