दनकौर

सात दिवसीय पोषण सप्ताह का शुभारंभ: प्रथम दिवस पर पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन

दनकौर: श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज, दनकौर, गौतम बुद्ध नगर में सात दिवसीय पोषण सप्ताह  का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस पोषण सप्ताह का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की डॉ. निशा शर्मा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। सप्ताह भर पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

पोषण सप्ताह के प्रथम दिवस पर गृह विज्ञान विभाग द्वारा पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर पोस्टर प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रथम दिवस का कार्यक्रम गृह विज्ञान प्रयोगशाला में आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए छात्राओं का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर आकर्षक एवं प्रभावशाली पोस्टर तैयार किए। इन पोस्टरों के माध्यम से संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से यह संदेश दिया कि संतुलित एवं उचित पोषण स्वस्थ और सशक्त जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

छात्राओं ने उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता के साथ पोषण के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सात दिवसीय पोषण सप्ताह के आगामी दिनों में विभिन्न विषयों एवं उद्देश्यों पर आधारित गतिविधियों, प्रतियोगिताओं तथा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पोषण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समुचित जानकारी प्राप्त हो सके।

इस सात दिवसीय पोषण सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को उचित पोषण, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण हेतु पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!