ग्रेटर नोएडा

स्वर्गीय श्रीमती शारदा देवी गुप्ता जी की सातवीं पुण्यतिथि पर शारदा विश्वविद्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा: शारदा विश्वविद्यालय में स्वर्गीय श्रीमती शारदा देवी गुप्ता जी की सातवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने एक साथ उपस्थित होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन, संस्कारों एवं शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर के मंदिर में हवन पूजा का आयोजन किया गया और माँ शारदा देवी तथा आनंद स्वरूप गुप्ता जी के प्रतिमा का अनावरण एवं स्थापना भी की गई, जिससे श्रद्धा और भावनाओं का वातावरण और भी गहन हो गया।

कार्यक्रम के दौरान इस्कॉन मंदिर, नोएडा से आए भक्तों ने शारदा विश्वविद्यालय परिसर में भजन कीर्तन प्रस्तुत किया। भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी सहभागिता की। भजन कीर्तन के माध्यम से स्वर्गीय श्रीमती शारदा देवी गुप्ता जी की स्मृति को नमन किया गया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में श्रद्धा और भावुकता का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर शारदा विश्वविद्यालय के चांसलर श्री पी.के. गुप्ता ने कहा “मेरी माताजी स्वर्गीय श्रीमती शारदा देवी गुप्ता जी का जीवन हमेशा हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने हमें सादगी, सेवा और दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की सीख दी। उनके संस्कारों ने मेरे जीवन और मेरे कार्यों को हमेशा दिशा दी है। आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए हम उनके विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम शिक्षा और सेवा के माध्यम से समाज के लिए अपना योगदान जारी रखें।”

शारदा विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर श्री वाई.के. गुप्ता ने कहा “हम सभी को जीवन में हमेशा अच्छा करने की कोशिश करनी चाहिए और सकारात्मक विचारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि सकारात्मक सोच जीवन में बड़ा बदलाव लाती है। हर सफल पुरुष के पीछे एक अच्छी महिला होती है और वह अक्सर उसकी माँ होती है। मेरी माताजी ने मुझे हमेशा आगे बढ़ने और समाज के लिए कुछ अच्छा करने की प्रेरणा दी। आज उन्हीं के संस्कार और प्रेरणा से मैं सकारात्मक ऊर्जा को दुनिया के कोने कोने तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा हूं। शिक्षा को आगे बढ़ाना और उसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।”

इस दौरान मेनेजिंग डायरेक्टर रिषभ गुप्ता, शारदा हॉस्पिटल एवं शारदा केयर हेल्थसिटी के वरिष्ठ चिकित्सक, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा, शारदा यूनिवर्सिटी आगरा के वाइस चांसलर डॉ. परमानंद, रजिस्ट्रार डॉ. विवेक गुप्ता, छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ. प्रमोद कुमार, एडवाइजर डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. आर.सी. सिंह, डॉ. भुवनेश कुमार, डायरेक्टर पी.आर. डॉ. अजीत कुमार समेत विभिन्न विभागों के डीन और एचओडी, डॉक्टर्स, फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ और छात्र मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!