ग्रेटर नोएडा

स्वच्छ एवं हरित परिसर की ओर जीबीयू एनएसएस यूनिट ३ की पहल, सरोवर परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जीबीयू एनएसएस यूनिट ३ द्वारा “क्लीन जीबीयू , ग्रीन जीबीयू” संदेश के साथ विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर स्थित सरोवर एवं उसके आसपास के विभिन्न क्षेत्रों को स्वच्छता अभियान के लिए लक्षित किया गया।

अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने जीबीयू सरोवर तथा आसपास के क्षेत्रों में पड़े कांच, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित किया। स्वयंसेवकों ने अभियान के दौरान लगभग 10 बड़े बैग कांच एवं प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। इस पहल का उद्देश्य परिसर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना रहा।

स्वच्छता अभियान का संयोजन डॉ. राहुल कपूर, कार्यक्रम अधिकारी, जीबीयू एनएसएस यूनिट ३ द्वारा किया गया। अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. सुहैल आलम, डॉ. कृति मिश्रा, श्री नवनीत सिंह एवं सुश्री मैनलीन बावा ने विद्यार्थियों की विभिन्न टीमों का नेतृत्व किया। इन टीमों ने सरोवर एवं आसपास के निर्धारित क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाते हुए कचरे को एकत्रित किया और परिसर को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।

अभियान में एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता की। विद्यार्थियों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। इस दौरान “क्लीन जीबीयू , ग्रीन जीबीयू” का संदेश विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय के बीच प्रमुखता से प्रसारित किया गया।

जीबीयू एनएसएस यूनिट ३ द्वारा आयोजित यह पहल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और युवा सहभागिता के माध्यम से एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील विश्वविद्यालय समुदाय के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही। अभियान ने विद्यार्थियों को अपने आसपास के पर्यावरण के प्रति जागरूक होने तथा स्वच्छता के प्रति निरंतर जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!