डायट दनकौर में शैक्षिक प्रतियोगिताओं का हुआ भव्य आयोजन
विद्यार्थियों ने क्विज, पोस्टर मेकिंग, कविता पाठ, कहानी कथन एवं गायन में दिखाई प्रतिभा

दनकौर (गौतमबुद्ध नगर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), दनकौर में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार, अभिव्यक्ति क्षमता एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की प्राचार्या श्रीमती अर्चना गुप्ता के संरक्षण में किया गया।
कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक स्तर पर क्विज प्रतियोगिता, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर पर कविता पाठ, कहानी कथन एवं गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं सामाजिक सरोकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ने का प्रयास किया गया। पोस्टर मेकिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं नवाचार से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए, जबकि कविता पाठ, कहानी कथन एवं गायन के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता श्री अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शैक्षिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
संस्थान की प्राचार्या श्रीमती अर्चना गुप्ता ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत से अधिक महत्वपूर्ण उसमें उत्साहपूर्वक भाग लेना और अपनी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे विकसित करने के लिए ऐसे मंच निरंतर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री संदीप कुमार रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन सह-नोडल श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं पारदर्शी मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में श्री भोला कुमार, डॉ. अनामिका सिंह एवं श्री राकेश कुमार शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
कविता पाठ, कहानी कथन एवं गायन प्रतियोगिता
माध्यमिक स्तर:प्रथम -अंशिका,द्वितीय – सुहानी बौद्ध,तृतीय -शिवानी,उच्च प्राथमिक स्तर:प्रथम – नैन्सी,द्वितीय – सोफिया,तृतीय -उर्वशी
क्विज प्रतियोगिता ,माध्यमिक स्तर:प्रथम – नंदिनी द्वितीय -निशि,तृतीय -भारती,उच्च प्राथमिक स्तर: प्रथम -हर्ष,द्वितीय – लव,तृतीय -अलका,
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
उच्च प्राथमिक स्तर:प्रथम – सुनाक्षी ,द्वितीय – वंशिका तृतीय -मानवी
माध्यमिक स्तर:प्रथम – मान्या सैनी,द्वितीय -अंजू तृतीय -मनीषा
कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय चेतना को बढ़ावा देने का प्रभावी संदेश दिया।






