हर दिल अजीज डॉ ईश्वर चंद्रा का हुआ स्वर्गवास ,जीवित रहते लिया था देहदान का संकल्प
भारी मन से बेटे ने की पिता की अंतिम इच्छा पूरी ,मेरठ मैडिकल कॉलेज में हुआ देह दान

औरंगाबाद (बुलंदशहर )कस्बे के लोकप्रिय चिकित्सक रहे डॉ ईश्वर चंद्रा का गुरुवार की देर शाम लाला लाजपत राय मैडिकल कॉलेज मेरठ में उपचार के दौरान स्वर्गवास हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनकी आयु लगभग 74 वर्ष थी। डाक्टर साहब के निधन का समाचार मिलते ही कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। उनकी देहदान की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए परिजनों ने उनकी देह मेरठ मैडिकल कॉलेज में दान कर दी।
लगभग पांच दशक पूर्व मेरठ मेडिकल कॉलेज से एम बी बी एस की डिग्री हासिल कर डॉ चंद्रा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ सुधा चंद्रा ने औरंगाबाद कस्बे में क्लीनिक शुरू कर कस्बा और क्षेत्रवासियों को चिकित्सा सेवाएं शुरू कीं। डॉ चंद्रा दंपति को कस्बे का प्रथम डिग्री धारक चिकित्सक होने का श्रेय प्राप्त है। मृदुभाषी डॉ चंद्रा व उनकी चिकित्सक पत्नी डॉ सुधा चंद्रा ने अपने कुशल व्यवहार और ज्ञान से कस्बा वासियों के साथ साथ क्षेत्र भर में काफी ख्याति अर्जित की। पिछले वर्ष वो गुरुग्राम में रहने लगे थे।
डॉ चंद्रा दंपति के सुपुत्र विजय गोयल अमेरिका में कार्यरत हैं जो कि पिता की बीमारी के चलते भारत आये हुए थे। बड़ी संख्या में लोगों ने मेरठ मैडिकल कॉलेज पहुंचकर उनके अंतिम दर्शन कर उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार जनों को ढांढस बंधाया। विजय गोयल ने बताया कि पिता जी ने अपने जीवन काल में देहदान का संकल्प ले लिया था जिसे पूरा करते हुए डॉ साहब का देहदान मेरठ मैडिकल कॉलेज के शरीर रचना विभाग में किया गया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






