बुलन्दशहर

औरंगाबाद में भूमाफियाओं की एक और कारगुजारी

पानी की टंकी की सरकारी जमीन पर शुरू हुआ अवैध कब्जा, पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी की शिकायत पर ई ओ ने रुकवाया अवैध कब्जा 

औरंगाबाद( बुलंदशहर )औरंगाबाद कस्बे में सरकारी जमीनों पर दबंग भूमाफियाओं ने पानी की टंकी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया। पूर्व चेयरमैन एवं नामित सभासद राजकुमार लोधी ने मामले की लिखित शिकायत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से की। ई ओ का कहना है कि मामला संज्ञान में लाया गया तो मौके पर पहुंचकर नगर पंचायत ने काम रुकवा दिया है।

पूरे प्रदेश में भूमाफियाओं की सबसे मुफीद जगह यदि कोई है तो वह है जनपद बुलंदशहर की औरंगाबाद नगर पंचायत। यहां कोई भी किसी भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर सकता है बशर्ते उसे धन खर्च करना आता हो। और यदि सत्तारूढ़ पार्टी के मठाधीशों का संरक्षण प्राप्त हो तो चाहे कानून के रक्षक पुलिस के सरकारी भवन , पुलिस चौकी पर ही रातों रात बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जा कर सकता है।

हालिया मामला नयी बस्ती स्थित नगर पंचायत के पंप नं एक पानी की टंकी की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रकाश में आया है। पूर्व चेयरमैन और नामित सभासद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी ने अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया है कि नई बस्ती में लगभग 35 वर्ष पहले पानी की टंकी लगी हुई है। भूमाफियाओं ने रात में पानी की टंकी की दीवार तोड़ कर अवैध रूप से नगर पंचायत की लगभग 200 गज सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। शिकायत कर्ता का यह भी आरोप है कि इस अवैध कब्जे में नगर पंचायत के टंकी कर्मचारियों की भी मिलीभगत है।

शिकायत कर्ता ने अवैध कब्जे को अविलंब हटवाये जाने तथा दोषी टंकी कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र पर नगर पंचायत के वार्ड छः सभासद बब्लू लोधी के भी हस्ताक्षर हैं।

अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने कहा है कि मामला संज्ञान में लाया गया तो मौके पर टीम भेजकर अवैध कब्जे को रुकवा दिया गया है।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!