औरंगाबाद थाने के सिपाही ने सरकारी राईफल से की खुदकुशी
मरने से पूर्व आडियो वायरल कर थाना प्रभारी एवं दो अन्य पुलिस कर्मियों पर लगाया उत्पीड़न करने का सनसनीखेज आरोप

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी किये लाइन हाजिर
औरंगाबाद( बुलंदशहर )औरंगाबाद थाने के अंतर्गत लखावटी चौकी पर तैनात कांस्टेबल सुधीर ठाकुर उम्र लगभग 25 वर्ष ने गुरुवार तड़के लगभग तीन बजे लखावटी नहर पटरी पर सरकारी राइफल से ठोड़ी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मरने से पूर्व मृतक द्वारा वायरल किये गये आडियो में मृतक सिपाही ने थाना प्रभारी राहुल चौधरी एवं अंकित एवं सुधीर नामक पुलिस कर्मियों पर गाली गलौज करने व उत्पीड़न करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। वायरल आडियो के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी सहित तीनों पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच हेतु एक विभागीय जांच समिति गठित की है। मृतक जवान का शव पोस्टमार्टम कराने मोर्चरी भेजा गया है। मृतक के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित तमाम आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। साथ ही फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र किए। घटना से समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप और शोक व्याप्त है।

आगरा के इरादत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संगेचा निवासी सुधीर ठाकुर पुत्र जगवीर सिंह उम्र लगभग 25 वर्ष की तीन महीने पूर्व पुलिस महकमे में नौकरी लगी और उसकी पहली पोस्टिंग औरंगाबाद थाने में हुई । औरंगाबाद थाने की लखावटी पुलिस चौकी पर तैनात सुधीर ठाकुर ने गुरुवार तड़के पुलिस चौकी के निकट लखावटी नहर पटरी पर पहुंचकर सरकारी राइफल ठोड़ी पर रखकर गोली मारी। मृतक ने मरने से पहले एक आडियो वायरल कर थाना प्रभारी राहुल चौधरी मुंशी अंकित गूर्जर और मुंशी सुधीर कुमार पर उत्पीड़न करने गाली गलौज करने और लाइन हाजिर कराने का संगीन आरोप लगाया है।
पुलिस कर्मी के खुद को गोली मारकर खुदकुशी करने की सूचना मिलते ही थानेमें हड़कंप मच गया। सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह एस पी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह अजेय,सी ओ प्रखर पांडे ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक सिपाही का शव पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया। घटना से समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप और शोक मचा हुआ है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल





