अपराध

हापुड़ में टिम्बर कारोबारी के घर बड़ी डकैती,गार्ड को बंधक बनाकर बदमाश ले गए करोड़ों रुपए के आभूषण व लाखों की नकदी

हापुड़: थाना हापुड़ देहात क्षेत्र की गढ़ रोड स्थित गिरधारी नगर निवासी प्रसिद्ध टिम्बर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल उर्फ लालू कबाड़ी के आवास व गोदाम को सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने पहले गोदाम पर तैनात गार्ड को बंधक बनाया और उसके बाद घर में घुसकर लाखों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार देर रात चार से पांच हथियारबंद बदमाश गोदाम परिसर में पहुंचे और वहां मौजूद गार्ड को कब्जे में लेकर करीब आधे घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान बदमाश बेखौफ होकर मकान में घुसे और अलमारी व अन्य स्थानों में रखे कीमती सामान को खंगाल लिया।व्यापारी नेता संजय अग्रवाल के अनुसार बदमाश करीब सवा किलो सोना तथा लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हुए हैं। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह होने पर व्यापारियों में दहशत फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी, पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह, क्षेत्राधिकारी हापुड़ वरुण मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं।दिनदहाड़े और रात्रि में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच हुई इस बड़ी डकैती ने व्यापारिक वर्ग की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

रिपोर्ट अतुल त्यागी

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!