फाइनैंस कंपनी के गुंडों की गुंडागर्दी चरम पर ,ग्राम प्रधान के बेटे को पीट पीट कर किया घायल
मामला दर्ज दो नामजद आरोपी मौके से गिरफ्तार बाकी फरार

औरंगाबाद( बुलंदशहर )फाइनैंस कंपनी के गुंडों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए एक छात्र को जबरन अपने वाहन जब्त केंद्र पर ले जाकर मारपीट कर बुरी तरह ज़ख़्मी कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीड़ित छात्र के पिता योगेन्द्र लोधी ग्राम प्रधान ईलना के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो हमलावरों को बंदी बना लिया। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। तीन नामजद अभियुक्त अभी फरार हैं।
फाइनैंस कंपनी के कथित बाउंसरों की गुंडागर्दी चरम पर है।खास बात यह है कि योगी सरकार का भी उन्हें कोई खौफ नहीं दिखाई दे रहा है।
ग्राम ईलना के प्रधान योगेन्द्र लोधी का पुत्र दुष्यंत मंगलवार को अपने गांव निवासी सहपाठी रोहित के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने कालेज महाराज अग्रसेन महाविद्यालय सराय छबीला पढ़ने गया। उनको एक फाइनेंस कंपनी के कथित बाउंसरों ने जबरन रोक लिया और उसे बुलंदशहर स्याना स्टेट हाइवे स्थित गांव उटरावली के पास बने एक सैंटर पर ले गए। सैंटर पर उन वाहनों को खड़ा कर दिया जाता बताया जिन्हें फाइनैंस कंपनी के कथित बाउंसरों द्वारा जबरन जब्त कर बकाया रकम जबरन वसूली की जाती है। सैंटर पर दुष्यंत से सात हजार रुपए देने की मांग की गई। दुष्यंत ने अपने पिता से दिलाने की बात कही तो मारपीट शुरू कर दी गई। दुष्यंत को बंधक बना लिया गया। सूचना पाकर ग्राम प्रधान योगेन्द्र लोधी ने 112 डायल कर पुलिस को मामले की सूचना दी और अपने बेटे को लिवाने मौके पर पहुंचे। वहां फाइनैंस कंपनी के गुंडों ने उन्हें भी धकियाते हुए मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मारपीट कर रहे दो युवकों चमन सिरोही और उपेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया। नयी मंडी चौकी बुलंदशहर पुलिस की हीलाहवाली देख योगेन्द्र लोधी ने कोतवाल कोतवाली देहात को मामले की जानकारी दी। कोतवाल के हस्तक्षेप पर पहुंच ने मामला दर्ज किया। योगेन्द्र लोधी पुत्र ब्रजलाल की तहरीर पर पुलिस ने चमन सिरोही पुत्र गजराज निवासी आवास विकास दो बुलंदशहर, उपेंद्र पुत्र देवपाल निवासी राशिदपुर सलेमपुर , हिमांशु निवासी राशिद पुर सलेमपुर, हिमांशु निवासी रहमापुरस्यावली, तथा सन्नी निवासी आवास विकास दो बुलंदशहर के खिलाफ धारा 115(2),352,351(3), तथा 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर चमन सिरोही तथा उपेंद्र को बंदी बनाकर जेल भेज दिया। बाकी तीनों नामजद आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






