बुलन्दशहर

औरंगाबाद की बेटी ने अमेरिका में लहराया जीत का परचम

मध्यावधि चुनावों में इलिनोइस डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव का चुनाव जीता ,बढ़ाया भारत का मान औरंगाबाद में दौड़ी हर्ष की लहर 

औरंगाबाद (बुलंदशहर )सबा हैदर ने अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में इलिनोइस में स्टेट रिप्रेजेंटेटिव चुनाव जीत कर भारत का नाम रोशन किया। सबा हैदर मूल रूप से कस्बा औरंगाबाद के मौहल्ला सादात निवासी सैयद अली हैदर की बेटी हैं। उनकी इस जीत से कस्बे में हर्ष और गर्व व्याप्त है।

अमेरिका में हाल ही में संपन्न हुए मध्यावधि चुनावों में भारतीय मूल की सबा हैदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इलिनोइस (यूएसए) के 84 वें डिस्ट्रिक्ट से स्टेट रिप्रेजेंटेटिव पद के लिए कराये गये चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी ब्रायान स्कोपा को लगभग सत्तर फीसदी वोट हासिल करते हुए करारी शिकस्त दी।

पूर्व में काउंटी बोर्ड सदस्य रहीं सबा हैदर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद कस्बे की रहने वाली हैं। वो पिछले बीस सालों से अपने परिवार के साथ अमेरिका के इलिनोइस में रह रही हैं। उनके पति अमेरिका में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। सबा हैदर के परिजन फिलहाल गाजियाबाद में निवास करते हैं। उनकी इस एतिहासिक जीत पर गाजियाबाद स्थित आवास पर उनके पिता सैयद अली हैदर ने खुशी जताई और कहा कि मेरी बेटी की यह जीत पूरे भारत वर्ष की बेटियों की जीत है। सबा ने अमेरिका की राजनीति में अपनी मेहनत सेवा भावना और कार्यकुशलता से भारतीय संस्कृति व प्रतिभा का परचम लहराया है।

सबा हैदर की इस जीत पर पूरे देश विशेष रूप से गाजियाबाद और औरंगाबाद में जश्न का माहौल है तथा सगे संबंधियों व परिचितों शुभचिंतकों द्वारा बधाई देने का सिलसिला जारी है। परिजनों ने मिष्ठान वितरण कर खुशियां मनाई।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!