दबंग भूमाफियाओं ने किया रतनपुर गांव में रास्ते पर अवैध कब्जे का प्रयास
राजस्व और पुलिस के निर्देशों को किया दरकिनार, सांसद विधायक के हस्तक्षेप से एस डी एम स्याना ने रूकवाया अवैध निर्माण

औरंगाबाद (बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंग भूमाफियाओं ने ग्राम पंचायत की रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जे का जोरदार प्रयास किया। ग्राम प्रधान की शिकायत पर पहले नायब तहसीलदार ने फिर पुलिस ने अवैध निर्माण को रूकवाया लेकिन दबंगों ने फिर से काम शुरू कर तमाम आदेश निर्देशों को दरकिनार करते हुए प्रशासन को ठेंगा दिखा दिया। ग्राम प्रधान की गुहार पर सांसद और विधायक ने एस डी एम स्याना को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा रुकवाने को कहा। तब जाकर अवैध निर्माण बंद हुआ।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतनपुर तहसील स्याना में ग्राम पंचायत की गाटा संख्या 129 की जमीन रास्ते के रूप में दर्ज है। शनिवार को इस बेशकीमती सरकारी जमीन पर दबंग भूमाफियाओं ने जबरन कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य शुरू करा दिया। ग्राम प्रधान मामचंद ने सोमवार को एस डी एम स्याना और थाना प्रभारी को मामले की जानकारी देते हुए सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रुकवाने की गुहार लगाई। एस डी एम स्याना ने नायब तहसीलदार मुन्ने खां को मौके पर भेजकर अवैध कब्जा रुकवाने के निर्देश दिए। जिसपर नायब तहसीलदार मुन्ने खां ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण कर रहे लोगों को तत्काल काम रोकने और पैमाइश होने के बाद ही काम शुरू करने के कड़े निर्देश दिए।
बताया जाता है कि इसके बाद उसने जाते ही पुनः काम शुरू कर दिया गया। जिस पर ग्राम प्रधान ने 112 पर काल कर पुलिस को सूचना देकर अधिकारियों के निर्देश पर अमल कराने का आग्रह किया। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर काम रुकवाने के निर्देश दिए। आरोप है कि काम पुनः शुरू कर दिया गया।
ग्राम प्रधान ने मामले से सांसद डॉ भोला सिंह और विधायक स्याना देवेन्द्र सिंह लोधी को अवगत कराते हुए काम रुकवाने की गुहार लगाई। जिसपर एस डी एम स्याना ने लेखपाल विपिन यादव को तत्काल काम रुकवाने के कड़े निर्देश दिए। लेखपाल विपिन यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान लेखराज सिंह उर्फ भूरा पक्ष विवादित जमीन को अपनी बताकर काम करा रहा था। पैमाइश पूरी होने तक काम रोकने के कड़े निर्देश दिए हैं। फिलहाल निर्माण कार्य बंद हो गया है। थाना प्रभारी रामनरायण सिंह ने कहा कि संबंधित पक्ष को पैमाइश पूरी होने तक काम नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई काम शुरू करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल







