बुलन्दशहर

भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री बने दीपक ऋषि 

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

बुलंदशहर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री एवं निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष पंडित दीपक ऋषि को भाजपा संगठन द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कार्यकर्ताओं और सहयोगियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। जगह-जगह उनका स्वागत कर बधाई देने का सिलसिला जारी है।

बुलंदशहर स्थित गढ़वाल रेस्टोरेंट में शुक्रवार को नवनियुक्त क्षेत्रीय मंत्री पंडित दीपक ऋषि के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

नवनियुक्त क्षेत्रीय मंत्री पंडित दीपक ऋषि ने कहा कि वह बाल काल से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ जुड़े रहे हैं। संगठन में रहकर उन्हें लगातार कार्य करने और समाज के बीच रहने का अवसर मिला। संगठन ने अब जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की विचारधारा और निर्देशों के अनुसार कार्य करते हुए संगठन को और मजबूत करने का प्रयास रहेगा।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण से ही संगठन मजबूत होता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा भाजपा की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य किया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विकास चौहान, जिला उपाध्यक्ष पंडित दीपक दुलारे, दिग्विजय सिंह, हैप्पी शर्मा, सुमित गोस्वामी, सचिन शर्मा मंडल उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीपक ऋषि को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

रिपोर्टर उपेंद्र शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!