दनकौर

श्री द्रोणाचार्य मंदिर, दनकौर में जन्माष्टमी पर भक्ति का सैलाब उमड़ा

दनकौर: श्री द्रोणाचार्य मंदिर, दनकौर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। पूरा मंदिर परिसर फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियों से सजाया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसीपी श्री रवि शंकर  एवं दनकौर कोतवाली प्रभारी श्री मनोज कुमार चौहान द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर गौशाला समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग , प्रबंधक रजनीकांत अग्रवाल सहित मंदिर समिति द्वारा दोनों अतिथियों को मोमेंटो और शॉल भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

प्रातःकाल से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। दोपहर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। संध्या के समय भजन-कीर्तन मंडलियों द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया, पूरा मंदिर “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात महा-आरती का आयोजन किया गया और सभी भक्तों में पंजीरी और चरणामृत का प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों, सेवादारों और स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।

समिति ने सभी क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!