रामगढ़ में हुआ भव्य अंबेडकर जयंती समारोह ,काटा केक , घर घर जले दीप, मनाई अंबेडकर दीवाली

औरंगाबाद( बुलंदशहर )रामगढ़ में अंबेडकर जयंती समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर के 135 वें जन्मदिवस पर केक काटा। मिष्ठान वितरित कर खुशियां मनाई। बाबा साहेब के अनुयायियों ने अंबेडकर दीवाली मनाते हुए अपने अपने घरों को दीप मालाओं से सुसज्जित किया।
अंबेडकर पार्क में आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह, लखावटी पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नंद किशोर तथा पूर्व प्रधान धर्मेंद्र सिंह ने भारत रत्न बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। अपने संबोधन में ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संविधान निर्माता होने के साथ साथ उन्होने दलित शोषित और कमजोर वर्गों के लोगों को जीने की राह सिखाई
और उन्हें उनके वंचित अधिकारों को दिलाने के लिए आवाज बुलंद की। समाज के उत्थान के लिए बाबा साहेब के कार्यों को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।
चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नंद किशोर ने सभी को डाक्टर अंबेडकर साहब के जन्म दिन की बधाई देते हुए सभी से कानून का पालन करने और बाबा साहेब के बताये मार्ग पर चलने का आव्हान किया।
इस अवसर पर अनेक शिक्षाप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजकों ने मिष्ठान वितरण कर सभी ग्रामीणों का मूंह मीठा कराया। हर्षोल्लास पूर्वक समारोह संपन्न हुआ। रात्रि में बाबा साहेब के अनुयायियों ने अपने घरों को दीप मालाओं से सुसज्जित किया और अंबेडकर दीपावली मनाई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह पूर्व प्रधान धर्मेंद्र सिंह चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नंद किशोर,हर्ष ठाकुर सचिन कुमार रामकुमार डॉ हरवीर कुमार अमित भारत सिंह सूर्य प्रताप पुलिस कर्मी जगत सिंह ललित बाबी आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






