राजस्थान

भगवान परशुराम जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

अनूपगढ़: अनूपगढ़ शहर में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ शहर के प्रमुख शिव मंदिर से आरंभ होकर कनॉट प्लेस होते हुए भगवान परशुराम चौक तक पहुँची, जहां भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात यात्रा ब्राह्मण धर्मशाला जाकर संपन्न हुई।

इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में शहरभर के श्रद्धालु, महिला-पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने “जय जय परशुराम” के उद्घोष के साथ पूरे शहर को धार्मिक रंग में रंग दिया। शोभायात्रा के मार्ग पर जगह-जगह धर्मप्रेमियों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इससे पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास की छटा बिखर गई।

भगवान परशुराम के अनुयायियों ने यात्रा के दौरान पारंपरिक परिधान धारण कर परशुराम जी के परशु की पूजा-अर्चना भी की। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शोभायात्रा में रथ सज्जा, झांकियां और भगवान परशुराम की आकर्षक प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम भी है। शोभायात्रा का समापन शांतिपूर्ण और श्रद्धा के वातावरण में हुआ।

रिपोर्ट डी एल सारस्वत अनूपगढ़

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!