गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आज हिंदी पखवाड़ा समारोह का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ हुआ। इस अवसर पर भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग द्वारा हिंदी हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें विश्वविद्यालय परिवार और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह जी ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने पर बल दिया और कहा कि हिंदी से जितने अधिक लोग जुड़ेंगे, उतनी ही यह भाषा सशक्त और समृद्ध होगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हमें यह चर्चा अवश्य करनी चाहिए कि कितने नए लोगों ने हिंदी सीखी है और कितने लोग इससे जुड़ रहे हैं। यह जानकारी हमें हिंदी के प्रसार और प्रभाव का मूल्यांकन करने में सहायक होगी।
इस अवसर पर माननीय कुलसचिव श्री विश्वास त्रिपाठी जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारत अपनी संस्कृति और भाषाई पहचान के लिए जाना जाता है। विश्व की अन्य संस्कृतियों की तरह ही हमें भी अपनी भाषा का संवर्द्धन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे जापान और चीन अपनी मातृभाषा और संस्कृति के प्रति गहन प्रतिबद्धता रखते हैं, वैसे ही भारत को भी अपनी भाषाई और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण व संवर्धन के लिए दृढ़ निश्चय करना होगा। तभी हम हिंदी को उसके गौरवपूर्ण स्थान पर प्रतिष्ठित कर पाएंगे।
कार्यक्रम में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन, प्रोफेसर बंदना पांडेय जी ने हस्ताक्षर अभियान के शुभारंभ पर कहा कि “हिंदी तभी समृद्ध होगी जब हम अधिक से अधिक गैर-हिंदी भाषी लोगों को हिंदी से जोड़ेंगे। भारतीय भाषाओं के उन्नयन का मार्ग भी इसी प्रकार संभव है।”
हिंदी दिवस/पखवाड़े के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में विविध प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसमें काव्य लेखन प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, कहानी पाठ प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आदि शामिल हैं। यह कार्यक्रम श्रृंखला 12 सितंबर 2025 से प्रारंभ होकर 26 सितंबर 2025 तक चलेगी, जिसका समापन सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
हिन्दी पखवाड़े के शुभारंभ का यह कार्यक्रम भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विभावरी के संयोजन में आयोजित किया गया। हिन्दी हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अपर्णा तथा डॉ. आसिफ मो. खान थे। इस अवसर पर विभाग के संकाय सदस्य डॉ. रेनू यादव, डॉ. दिवाकर गरवा, डॉ. ओबैदुल गफ्फार, डॉ. रेहाना सुल्ताना, डॉ. ममता कुमारी और सुश्री संगीता उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारीगणों, शोधार्थियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिंदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।