होलिका दहन संपन्न ,श्रृद्धालुओं ने जौ की बालियां भूनकर लगाई होलिका मैय्या की परिक्रमा
गले लगा कर बधाई एवं शुभकामनाओं का आदान-प्रदान

औरंगाबाद (बुलंदशहर )होली महोत्सव के उपलक्ष्य में सैंकड़ों श्रृद्धालुओं ने श्रृद्धा और भक्ति भाव से होलिका दहन किया। होलिका दहन होते ही बोल होलिका माई की जय जयकार से समूचा स्थल गुंजायमान हो उठा। 
परंपरागत होली स्थल स्टेट हाइवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने सोमवार की देर शाम करीब दस बजे सैंकड़ों श्रृद्धालुओं की मौजूदगी में होलिका दहन किया गया। पंडित कृष्ण कुमार शर्मा ने पूजा अर्चना करने के पश्चात होलिका दहन करते हुए अग्नि प्रज्वलित की। होलिका दहन होते ही समूचा वातावरण बोल होलिका माई की जय के गगन भेदी नारों से गूंज उठा। श्रृद्धालुओं ने होली की पवित्र अग्नि में नवअन्न जौ की बालियां भूनकर होली की परिक्रमा लगाई। तमाम लोगों ने एक दूसरे को गले लगाते हुए होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। छोटों ने अपने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया । बड़ी संख्या में लोगों ने एक दूसरे के घरों पर पहुंचकर होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

होली दहन स्थल पर थाना प्रभारी रामनरायण सिंह मय पुलिस बल तैनात रहकर कड़ी चौकसी बनाये हुए थे। होलिका दहन से पूर्व पुलिस ने टृैफिक रोक दिया और होलिका दहन कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराया।
मौहल्ला अज़ीज़ाबाद, नागेश्वर मंदिर के समीप तथा अनेक घरों में भी होलिका दहन किया गया।
मंगलवार को चंद्र ग्रहण लगने के कारण इस बार रंग भरी होली बुधवार को ही खेली जाएगी। कस्बे के सभी मंदिरों में चंद्रग्रहण के सूतक के चलते कपाट प्रात: छ बजे से सायं लगभग सात बजे तक बंद रहेंगे।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल





