दिल्ली एनसीआर

इंडिया हैबिटेट सेंटर में नाटक ‘अपने-अपने दांव’ के पोस्टर का लोकार्पण 

नई दिल्लीः चर्चित नाटक अपने-अपने दांव के आगामी मंचन की घोषणा के साथ इसके पोस्टर का लोकार्पण किया गया। यह नाटक ११ जनवरी को राजधानी स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के प्रतिष्ठित स्टीन ऑडिटोरियम में प्रस्तुत किया जाएगा।

यूथ फॉर नेशन द्वारा प्रस्तुत यह नाटक पद्मश्री से सम्मानित स्वर्गीय दया प्रकाश सिन्हा की रचना है, जिसका निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी अरुण अरोरा ने किया है। लगभग पचहत्तर मिनट की अवधि वाला यह नाटक हास्य के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों की गहराई को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।

मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकारों को उजागर करता यह नाटक आज के समय में परिवार और संबंधों के महत्व को रेखांकित करता है। आयोजक अरूण अरोरा के अनुसार, यह प्रस्तुति दर्शकों को हँसी के साथ आत्ममंथन का अवसर भी प्रदान करेगी।

इस अवसर पर इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक श्री के जी सुरेश ने कहा, “अपने-अपने दांव जैसे नाटक भारतीय परिवार व्यवस्था की आत्मा को उजागर करते हैं। हास्य के माध्यम से गंभीर सामाजिक संदेश देना रंगमंच की सबसे बड़ी ताकत है, और यह प्रस्तुति दर्शकों को सोचने के लिए प्रेरित करेगी।”

वहीं यूथ फॉर नेशन के अध्यक्ष सुनील कुमार त्यागी ने कहा, “हमारा उद्देश्य ऐसे नाट्य मंचन के माध्यम से समाज को जोड़ना है, जो मनोरंजन के साथ संस्कार, पारिवारिक एकता और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करें। अपने-अपने दांव इसी सोच का सशक्त उदाहरण है।”

इस कार्यक्रम में इंडिया हैबिटेट सेंटर के जनरल मैनेजर श्री अमरनाथ भी उपस्थित थे।

सभी रंगमंच प्रेमियों और सांस्कृतिक गतिविधियों में रुचि रखने वाले दर्शकों को इस सार्थक नाट्य प्रस्तुति को देखने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!