ग्रेटर नोएडा

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व पटल पर बढ़ा भारत का गौरव -अभिषेक शर्मा

विकास, विश्वास और संगठन विस्तार के मंत्र के साथ भाजपा ग्रेटर नोएडा मण्डल की बैठक सम्पन्न

ग्रेटर नोएडा:भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मण्डल द्वारा संगठन के सुदृढ़ीकरण एवं आगामी विधानसभा निर्वाचन की रणनीतिक तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में शनिवार, 06 जून 2026 को सायं 6 बजे मण्डल कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक राष्ट्रभक्ति एवं संगठनात्मक संकल्प के वातावरण में भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रारम्भ हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देश ने विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के अभूतपूर्व आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है तथा आज विश्व समुदाय विभिन्न वैश्विक चुनौतियों के समाधान हेतु आशाभरी दृष्टि से भारत की ओर देख रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक निष्ठा, परिश्रम एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना को दिया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का आह्वान करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक कार्यकर्ता एवं नागरिक से वृक्षारोपण कर उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की।

बैठक का संचालन मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी के नेतृत्व तथा ग्रेटर नोएडा मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर शक्ति केन्द्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों को बूथ कार्यसमितियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक दृष्टि से अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही कार्यकर्ताओं का आह्वान किया गया कि वे जनसंपर्क अभियानों को गति प्रदान करते हुए केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाएँ।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मण्डल प्रभारी मनोज गर्ग ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित होती है। भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा एवं जनसमर्पण का व्यापक जनांदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क स्थापित कर पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

मण्डल अध्यक्ष अर्पित तिवारी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों का बिगुल बज चुका है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं सक्रियता के साथ करते हुए प्रत्येक बूथ पर विजय सुनिश्चित करने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे।

भगवत प्रसाद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में मण्डल के समस्त पदाधिकारी, शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कार्यसमिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्ट-भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!