ग्रेटर नोएडा

विश्व साइकिल दिवस पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में साइक्लिंग का सफल आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यालय द्वारा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में “हम स्वस्थ तो भारत समृद्ध” थीम के अंतर्गत साइक्लिंग गतिविधि का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फिट इंडिया मूवमेंट के “संडे ऑन साइकिल ” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।इस अभियान में डीन एकेडमिक्स प्रो राजीव वार्ष्णेय , चीफ प्रॉक्टर डॉ विक्रांत नयन , डीन स्टूडेंट अफेयर्स डॉ सुशील कुमार सहित कई फैकल्टीज ने हिस्सा लिया ,

प्रातः 7:00 बजे फैकल्टी हाउसिंग डी-ब्लॉक से प्रारंभ हुई इस साइक्लिंग में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों तथा अन्य उत्साही प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने परिसर में साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता तथा सतत परिवहन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक जीवन में साइकिलिंग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। साइक्लिंग गतिविधि ने प्रतिभागियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नगेन्द्र सिंह ने प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली की आदतों को विकसित करना आज की आवश्यकता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यालय ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर एवं आवासीय क्षेत्र के निवासियों के बीच स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस साइक्लिंग गतिविधि को नियमित रूप से आयोजित करने की योजना भी साझा की। प्रस्तावित है कि “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताहांत साइक्लिंग गतिविधि आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक निवासी, छात्र, शिक्षक, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन इसमें सहभागिता कर सकें। विशेष रूप से बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रेरक गतिविधियों एवं आकर्षक प्रोत्साहनों की व्यवस्था किए जाने की भी योजना है, जिससे उनमें स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक आदतों का विकास हो सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!