होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग की विजेता बनी मनीष टाइगर्स

बिलासपुर : क्षेत्र के तालडा स्थित ध्रुव क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होली सद्भावना कप जुनेदपुर प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को देर शाम खेला गया।आपसी भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में मनीष टाइगर्स जुनेदपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहित लायंस रोशनपुर को 75 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये की नगद धनराशि एवं आकर्षक ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ क्रिकेटर आशीष डागर उपस्थित रहे।
आयोजन समिति के सदस्य राजू नागर, मनोज मास्टर और मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि फाइनल मुकाबले में रोशनपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मनीष टाइगर्स ने निर्धारित 15 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 178 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सोनू नागर ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 23 गेंदों में 59 रन जड़े, कृष नागर ने भी 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। रोशनपुर की ओर से राहुल शर्मा ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहित लायंस रोशनपुर की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम संभल नहीं सकी और 13 ओवरों में 103 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से रविन्द्र ने सर्वाधिक 51 रन बनाए और संघर्षपूर्ण पारी खेली। मनीष टाइगर्स की ओर से गोपी बिधूड़ी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि मनीष नागर और कमल शर्मा ने 2-2 विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आशीष डागर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। पूरे टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक लगाने वाले रविन्द्र को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। फाइनल मुकाबले में अंपायर की भूमिका भगत नागर और दीपक नागर ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी मोहित जूनियर ने संभाली।
इस अवसर पर मास्टर दिनेश नागर, राजू नागर ,मनोज मास्टर, दीपक नागर,मोहित प्रधान, सेनकी नागर, प्रवीण नागर,तिमराज नागर, सुमित नागर, रिंकू उर्फ भगत, नितिन नागर,संदीप फौजी, मोहित नागर ,पिंकी नागर, मनीष, रविन्द्र अधाना , पुखराज, रोहित नागर ,नंदू, सौरभ नागर, सतेंद्र गुल्लू, मनीष, शिवकुमार, विजय, सुमित नागर,विनीत, रितिक, गज्जू ,प्रतीक, आदित्य,अभिषेक , सिद्दू , अर्पित,चिराग, मोंटी,लक्की व राज आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट घनश्याम पाल





