ग्रेटर नोएडा

मातृत्व की महिमा एवं संस्कारों के अभिनंदन से अनुप्राणित हुआ “मदर्स डे” समारोह

ग्रेटर नोएडा: मातृत्व की करुणा, ममता एवं त्यागमयी चेतना को समर्पित एक भावपूर्ण एवं गरिमामय “मदर्स डे” समारोह का आयोजन दिनांक 10 मई 2026 को कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रमाता भारत माता की सामूहिक प्रार्थना एवं वंदना के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा एवं संवेदनाओं से आलोकित हो उठा।

इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्षा श्रीमती संतोष गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि,“माँ केवल परिवार की आधारशिला नहीं, अपितु संस्कार, संवेदना एवं राष्ट्रचेतना की प्रथम पाठशाला होती है। माँ का स्नेह जीवन को मर्यादा प्रदान करता है तथा उसका त्याग मनुष्य को मानवीय मूल्यों से अनुप्राणित करता है। प्रत्येक व्यक्ति का यह परम दायित्व है कि वह अपनी मातृशक्ति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आदर की भावना सदैव अक्षुण्ण रखे।”

संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री संदीप गोयल ने समस्त माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि,“माँ का आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है। मातृत्व केवल जन्म देने का दायित्व नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन एवं जीवन मूल्यों के सृजन की दिव्य साधना है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी व्यस्त जीवनशैली के मध्य भी माता-पिता के प्रति सेवा, सम्मान एवं समर्पण की भावना को आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि सुसंस्कृत परिवार ही सशक्त एवं संवेदनशील समाज की आधारभूमि होते हैं।”

समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने मातृत्व के गौरव, वात्सल्य एवं निस्वार्थ प्रेम को समर्पित भावपूर्ण अभिव्यक्तियों के माध्यम से माँ के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। संपूर्ण परिसर मातृवंदना, आत्मीयता एवं भावनात्मक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।

अंत में संस्थान परिवार द्वारा समस्त माताओं के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

रिपोर्ट-भगवत प्रसाद शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!