ग्रेटर नोएडा

श्री चंडी होम एवं कन्या पूजन के साथ नवरात्र महोत्सव का समापन

नोएडा : सेक्टर-48 स्थित श्री श्री रविशंकर आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय नवरात्र महोत्सव का समापन रविवार को श्री चंडी होम एवं कन्या पूजन के साथ हुआ। वैदिक धर्म संस्थान की ओर से आयोजित इस महोत्सव में वैदिक अनुष्ठानों, आध्यात्मिक साधना और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का संगम देखने को मिला।

महोत्सव का शुभारंभ महागणपति होम से हुआ। इसके बाद नवग्रह होम, वास्तु शांति होम, श्री सुदर्शन होम तथा 17 अक्टूबर को महारुद्र पूजा एवं होम आयोजित किए गए। बेंगलुरु से आए वैदिक पंडितों ने स्वामी शिवपाद जी की उपस्थिति में अनुष्ठान संपन्न कराए।

गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया।

स्वामी शिवपाद जी ने नवरात्र के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ध्यान, प्रार्थना और आत्मचिंतन के माध्यम से आंतरिक शांति प्राप्त करने का अवसर है।

समापन दिवस पर श्री चंडी होम और कन्या पूजन के साथ ‘शक्ति नाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भरतनाट्यम सहित विभिन्न पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। सत्संग और गरबा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रसाद वितरित किया गया।

आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवकों के सहयोग से संपन्न महोत्सव ने शांति, सद्भाव, सकारात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया। वैदिक धर्म संस्थान ने आगामी आयोजनों में आयुष होम, गौ माता पूजा और दीपावली पर विशेष ऑनलाइन लक्ष्मी स्थापना पूजा आयोजित करने की मंशा भी जताई,

रिपोर्टर- भगवत प्रसाद शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!