केडी इंटरनैशनल स्कूल के सीबीएसई रिजल्ट में अच्छा अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को किया सम्मानित
ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं जरूरत है प्रोत्साहित करने की

बिलासपुर : नियाना गांव में स्थित केडी इंटरनैशनल स्कूल का सीबीएसई 10वीं परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा। स्कूल की छात्रा प्रियांशी भाटी (सलेमपुर) ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। गुरुवार को स्कूल में कार्यक्रम के दौरान सभी टॉपर्स छात्रों को सम्मानित किया गया। बुधवार को घोषित परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्कूल के डायरेक्टर रमेश धवन ने बताया कि इस वर्ष 55 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। दूसरे स्थान पर सुनरीटा नागर (बागपुर), रितिका (दादुपुर) और तनीषा भाटी (नियाना) रहीं, जबकि तनु भाटी (नियाना) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कई विद्यार्थियों ने 91 से 93 प्रतिशत तक अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
टॉपर प्रियांशी भाटी ने अंग्रेजी में 98 अंक प्राप्त किए। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। स्कूल के चेयरमैन धर्मेंद्र कुमार भाटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






