श्री द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज में भव्य पोस्टर प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

दनकौर: श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) कॉलेज में आज 15 अप्रैल को ‘विश्व कला दिवस’ (World Art Day) के अवसर पर चित्रकला विभाग (Department of Drawing and Painting) के विद्यार्थियों द्वारा एक भव्य पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम “अभिव्यक्ति का एक बगीचा: कला के माध्यम से समुदाय का पोषण” (A Garden of Expression: Cultivating Community Through Art) थीम पर आधारित रहा, जिसमें द्वितीय, चतुर्थ एवं छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स, उप-प्राचार्या डॉ. रश्मि गुप्ता तथा विज्ञान विभाग के श्री अमित नागर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कला के महत्व, सृजनात्मकता एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में कला की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्राचार्य डॉ. वत्स ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर्स की सराहना करते हुए इसे विभाग की एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया।
निर्णायक मंडल में डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. निशा शर्मा एवं डॉ. प्रीति रानी सेन शामिल रहीं, जिन्होंने प्रतियोगिता का मूल्यांकन कर अपना निर्णय प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आस्था बुद्धप्रिया ने प्रथम, निकिता ने द्वितीय तथा तन्नू कुमारी एवं शोभा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम प्रभारी कु. नगमा सलमानी के कुशल निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने लियोनार्दो दा विंची की जीवन यात्रा सहित विभिन्न सामाजिक विषयों को रंगों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






