शिक्षण संस्थान

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 12 से 14 फरवरी तक द्वितीय IEEE अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC3ECSBHI-2026 का आयोजन

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू), ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के अंतर्गत विद्युत अभियंत्रण विभाग द्वारा द्वितीय IEEE अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “International Conference on Cognitive Computing in Engineering, Communication, Sciences, Biotechnology and Biomedical Health Informatics (IC3ECSBHI-2026)” का आयोजन 12 से 14 फरवरी 2026 तक विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में किया जाएगा।

यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का आयोजन आयोजन अध्यक्ष प्रो. एम. ए. अंसारी तथा सम्मेलन अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पाल के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है, जिससे इस वैश्विक अकादमिक आयोजन की सफल और प्रभावी रूपरेखा सुनिश्चित की जा सके।

सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है। भारत सहित इंडोनेशिया, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, संयुक्त राज्य अमेरिका तथा अन्य अनेक देशों के शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों द्वारा 2300 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। सभी शोध पत्रों का चयन कठोर पीयर-रिव्यू प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जिससे उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण शोध को मंच प्रदान किया जा सके।

सम्मेलन में प्रस्तुत किए जाने वाले शोध पत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम्स, इंजीनियरिंग अनुप्रयोग, डेटा साइंस तथा बायोमेडिकल हेल्थ इन्फॉर्मेटिक्स जैसे बहुविषयक एवं समकालीन विषयों पर व्यापक विमर्श होगा, जो कॉग्निटिव कंप्यूटिंग के तेजी से विकसित हो रहे परिदृश्य को दर्शाता है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को IEEE यूपी सेक्शन (भारत) का तकनीकी प्रायोजन प्राप्त है तथा डीआरडीओ, आईआईसी, उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, स्कोपस, सीएसआईआर और IEEE जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग भी प्राप्त है। सम्मेलन का उद्देश्य शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं वैज्ञानिकों को विचारों के आदान-प्रदान, सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा नवाचारपूर्ण अनुसंधान प्रस्तुत करने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करना है।

सम्मेलन में डॉ. डैनियल हान (टेक्निकल डायरेक्टर, क्वांटम सर्विसियोस मैरीटिमोस, जर्मनी), प्रो. इर. डॉ. वाई यी लियोंग (इंटी इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, मलेशिया), डॉ. मोहम्मद रोज़ी इस्माइल (डिप्टी डायरेक्टर, टीटीआई, मलेशिया), प्रो. प्रवीन कुमार (डायरेक्टर, अस्ताना आईटी यूनिवर्सिटी, कजाकिस्तान), डॉ. देवकांत पहाड़ सिंह (डायरेक्टर, डीआईपीएएस-डीआरडीओ) तथा इं. धीरेंद्र बंसल (सीनियर प्रिंसिपल साइंटिस्ट, सीएसआईआर-एचआरडी समूह) सहित अनेक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों की उपस्थिति अपेक्षित है।

इसके अतिरिक्त सम्मेलन में आईआईटी दिल्ली, आईआईटी रुड़की, आईआईटी कानपुर, आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी, आईआईआईटी इलाहाबाद, एमएनआईटी जयपुर, एमएनएनआईटी इलाहाबाद, वीआईटी चेन्नई, एएमयू अलीगढ़, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, एनआईटी श्रीनगर तथा जीआईएमएस ग्रेटर नोएडा सहित देश के प्रमुख संस्थानों के साथ-साथ मलेशिया, कतर, अमेरिका, ओमान, सऊदी अरब, जर्मनी, बांग्लादेश, सिंगापुर, कजाकिस्तान, ब्रिटेन, बेल्जियम, कनाडा, वियतनाम, ऑस्ट्रेलिया और चीन जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा कीनोट व्याख्यान प्रस्तुत किए जाएंगे।

सम्मेलन के दौरान उद्योग-शिक्षा संवाद कार्यक्रम (Industry–Academia Interaction Programme) का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद, व्यावसायिक मार्गदर्शन तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!