सनातन प्रीमियर लीग का भव्य ट्रॉफी अनावरण समारोह हुआ आयोजित

नई दिल्ली:राजधानी के Constitution Club of India में गुरुवार को सनातन प्रीमियर लीग (एसपीएल) का भव्य ट्रॉफी अनावरण समारोह आयोजित किया गया। सनातन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही लीग का औपचारिक शुभारंभ हुआ। आयोजकों ने इसे “द ग्रेट डोम ऑफ क्रिकेट” की संज्ञा देते हुए खेल, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना के संगम के रूप में प्रस्तुत किया।
ट्रॉफी का अनावरण सनातन धर्म के विख्यात कथा वाचक पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह लीग केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों का संचार करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब युवा वर्ग तनाव और दिशाहीनता का सामना कर रहा है, ऐसे प्रयास उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मक मार्ग प्रदान करेंगे।
समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा, आध्यात्मिक इन्फ्लुएंसर मास्टर अभिन्नव अरोड़ा, बिजनेस कोच अभिनव बिंद्रा तथा ज्योतिषाचार्य सुमित आचार्य समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने एसपीएल को खेल और संस्कृति के समन्वय की एक नई पहल बताया।







