औरंगाबाद में घरेलू गैस की कालाबाजारी चरम पर
भाकियू चढूनी जिलाध्यक्ष ने की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए धरने पर बैठने की घोषणा,सप्लाई इंस्पेक्टर पर एजेंसी संचालकों को अभयदान दिये जाने का संगीन आरोप

औरंगाबाद( बुलंदशहर)शासन प्रशासन के तमाम दावे औरंगाबाद में घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने में असमर्थ साबित हो रहे हैं। उपभोक्ता घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी पूरी शिद्दत से महसूस कर रहे हैं। भाकियू चढूनी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार लोधी ने कालाबाजारी के विरोध में गैस एजेंसी के गोदाम पर कार्यकर्ताओं सहित धरने पर बैठने का ऐलान किया है। सप्लाई इंस्पेक्टर पर एजेंसी संचालकों को अभयदान दिये जाने का संगीन आरोप लगाया जा रहा है।
औरंगाबाद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो रही है। जहां एक ओर आम उपभोक्ता गैस के सिलेंडर के लिए मारे मारे फिर रहे हैं वहीं दूसरी ओर हाकर अपनी बाइक पर पांच पांच सिलेंडर लेकर देखे जा रहे हैं।
एक हाकर के कर्बला के सामने एक मार्केट में स्थित अवैध गोदाम पर पिछले दिनों आपूर्ति विभाग ने छापामार कार्रवाई की थी। कस्बे में हो रही चर्चाओं के अनुसार मामला ले देकर रफा-दफा कर दिया गया था। भारतीय किसान यूनियन चढूनी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार लोधी ने खुलकर गैस एजेंसी पर कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। साथ ही कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ख्वाजपुर रोड़ स्थित गोदाम पर सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठने का ऐलान किया है। गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि आपूर्ति के अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






