झोलाछाप के हौसले बुलंद ,स्वास्थ्य विभाग को ठेंगा दिखाते हुए सील तोडी प्रैक्टिस शुरू
मुख्यमंत्री से शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने लगाई थी सील

औरंगाबाद (बुलंदशहर )कस्बे में एक झोलाछाप ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई सील को तोड़ कर बुलंद होंसलों का परिचय देते हुए मरीजों का उपचार धड़ल्ले से पुनः शुरू कर स्वास्थ्य विभाग को ही ठेंगा दिखा दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत का निस्तारण करते हुए बिना वैध चिकित्सीय प्रमाणपत्र हासिल किए मरीजों का उपचार करने के चलते क्लीनिक पर सील लगा कर झोलाछाप को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
मामला बेहद गंभीर। जनपद के स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यमंत्री से हुई एक शिकायत के मामले में कार्रवाई करते हुए चामुंडा एन्क्लेव बुलंदशहर बस स्टैंड के समीप सिया राम कालोनी में नवनिर्मित मार्केट में स्थित एक क्लीनिक पर 30 मई 26 को ए सी एम ओ डा गौरव सक्सेना को जांच करने हेतु भेजा। डॉ सक्सेना ने क्लीनिक पर पहुंचकर वहां मौजूद चिकित्सक से उसके चिकित्सीय प्रमाणपत्र दिखाने को कहा। लेकिन वह कोई डिग्री नहीं दिखा सका। जिसपर ए सी एम ओ ने क्लीनिक पर सील लगा कर संबंधित झोलाछाप को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
हाल फिलहाल स्थिति यह है कि उक्त क्लीनिक खुला हुआ है। वही चिकित्सक मरीजों को डिप चढ़ाकर इलाज करते नजर आ रहे हैं। क्लीनिक की सील गायब हो चुकी है।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर राशिद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत संख्या 40014226025468 का निस्तारण मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दिनांक 8-6-26को कर दिया गया जिसमें उक्त क्लीनिक पर सील लगा दिए जाने की बात कही गई है।
क्लीनिक खोले जाने की बाबत पूछे जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार दोहरे ने कहा कि मैं जानकारी करा लेता हूं यदि नियम विरुद्ध सील तोडी गई है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बिना वैध चिकित्सीय प्रमाणपत्र हासिल किए किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को मरीजों के जीवन से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






