जनसेवा को समर्पित कैलाश हॉस्पिटल में 150 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कैंसर विभाग -डॉ. महेश शर्मा
90 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनें और 70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन भवन; अगले आठ माह में सुविधा शुरू करने का लक्ष्य

ग्रेटर नोएडा: कैलाश हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा में रविवार को आयोजित सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही अस्पताल में विकसित की जा रही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी गई। अस्पताल परिसर स्थित प्रथम तल के लेक्चर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने विभिन्न रोगों की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल के फ़ाउन्डर एण्ड मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि ग्रेटर नोएडा और क्षेत्र की जनता ने उन्हें लगातार अपना स्नेह और विश्वास दिया है। उन्होंने कहा, “यह मेरी कर्मभूमि है और मैं यहां की मिट्टी तथा आप सभी का सदैव ऋणी रहूंगा। आपने मुझे एक बार विधायक और तीन बार सांसद बनाकर जो विश्वास व्यक्त किया, उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं।”
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि कैलाश हॉस्पिटल जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि वे स्वयं और कैलाश हॉस्पिटल सदैव निःस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा के लिए तत्पर हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए कैलाश हॉस्पिटल में अत्याधुनिक कैंसर विभाग विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें करीब 90 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनें तथा लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से भवन का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कैंसर विभाग को अगले आठ माह में तैयार कर सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से क्षेत्र के मरीजों को कैंसर के उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उन्हें अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में कैलाश हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी दी। डॉ. रितु सभरवाल, सीसीएमओ एवं उप चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. प्रवीण कुमार, निश्चेतना विशेषज्ञ, डॉ. सुनील मंडल, हृदय रोग विशेषज्ञ, डॉ. हेमंत कुमार, न्यूरोसर्जन, डॉ. समीर प्रभाकर, प्लास्टिक सर्जन, डॉ. गौरव अग्रवाल, नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ तथा डॉ. ए.पी. सिंह, ऑर्थोडॉन्टिक सर्जन ने अपने-अपने विशेषज्ञता क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
चिकित्सकों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव प्रबंधन और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में डायरेक्टर शशि मोहन गर्ग, संगीता गर्ग, डायरेक्टर दिनेश शर्मा, डॉ. बी.के. शर्मा, डॉ. उमा शंकर शर्मा, डॉ. राज, एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर अर्निका, डॉ. सुशील शर्मा सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे। चिकित्सकों ने प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर देते हुए लोगों को आवश्यक सावधानियों एवं चिकित्सकीय परामर्श के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने, बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार के प्रति सजग करने तथा आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कैलाश हॉस्पिटल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा






