हरियाणा

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद परिवार का सम्मान, दीप प्रज्वलन एवं प्रसाद वितरण के साथ राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा ग्राम खाम्बी

अमर शहीद भाई युधिष्ठिर जी की स्मृति में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीद की प्रतिमा पर अर्पित की गई पुष्पांजलि

पलवल/खाम्बी: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम खाम्बी में अमर शहीद भाई युधिष्ठिर जी की स्मृति में भव्य तिरंगा यात्रा एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया गया।

शहीद भाई युधिष्ठिर जी की स्मृति में निकाली गई तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से गूंज उठा। यात्रा ने युवा पीढ़ी को शहीदों के त्याग, साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

शहीद स्मारक एवं शहीदी स्थल पर दीप प्रज्वलन कर अमर शहीद के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में पंडित लालचंद, महाराज जी भोला बाबा जी, पंडित ओमप्रकाश शर्मा, मोहन शर्मा जी चेयरमैन बीवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंडित बिशन देव जी अमर शहीद के पिता जी, पंडित गंगाराम, राष्ट्रीय कवि मोहित मनोहर, पंडित दीपक मण्डल अध्यक्ष भाजपा सहित अनेक विशिष्टजनों ने शहीद परिवार का सम्मान किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद परिवारों का सम्मान उनके त्याग के प्रति समाज की कृतज्ञता और श्रद्धा की सच्ची अभिव्यक्ति है।

समापन अवसर पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में हिंदू समाज विकास परिषद्, खाम्बी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिषद् द्वारा सामाजिक समरसता, सेवा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यों को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है।

वक्ताओं ने युवाओं का आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। ग्राम खाम्बी का यह आयोजन शहीद सम्मान, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

रिपोर्टर-पंडित भगवत प्रसाद शर्मा

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!