ग्रेटर नोएडा

सरकारी अस्पतालों की बदहाली और स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज

करप्शन फ्री इंडिया द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक अस्पताल, विशेषज्ञ चिकित्सक और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग

नोएडा:गौतम बुद्ध नगर में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। संगठन के प्रदेश महासचिव मास्टर दिनेश नागर ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे जनपद के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में आज भी लोगों को बेहतर सरकारी चिकित्सा सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

ज्ञापन में दनकौर, बिलासपुर, रबूपुरा, जेवर, दादरी, बिसरख और कासना सहित अन्य क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों का भौतिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का ऑडिट कराने की मांग की गई है। जर्जर अस्पताल भवनों की मरम्मत कर उन्हें आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने, पर्याप्त चिकित्सक एवं चिकित्सा स्टाफ तैनात करने तथा पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी और अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

मास्टर दिनेश नागर व राकेश नागर ने विशेष रूप से दनकौर सरकारी अस्पताल में रात्रिकालीन महिला चिकित्सक और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, 24 घंटे आपातकालीन सेवा और एंबुलेंस की सुविधा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

ज्ञापन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब या मेडिकल स्टोर से अवैध वसूली संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई के साथ गरीबों के लिए पर्याप्त सरकारी चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की गई।

संगठन ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर ग्रामीण जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने जल्द समस्याओं के समाधान की बात कही।

इस दौरान मास्टर दिनेश नागर, राकेश नागर, ब्रह्म प्रधान, शेर सिंह नागर, नबाब सिंह नागर आदि लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!