बुलन्दशहर

पूर्व चेयरमैन ने लगाया राजनीतिक विद्वेष के चलते नक्शे पास नहीं किए जाने का आरोप 

जिलाधिकारी से हुई शिकायत 

औरंगाबाद( बुलंदशहर )पूर्व चेयरमैन भाजपा नेता नगर पंचायत औरंगाबाद में नामित सभासद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर राजनीतिक विद्वेष के चलते अपनी दो कालोनियों के नक्शे निर्धारित शुल्क जमा कराए जाने के बाबजूद पास नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है।

जिलाधिकारी को दिये गये शिकायती पत्र में पूर्व चेयरमैन एवं वर्तमान में नामित सभासद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी ने कहा है कि नगर पंचायत औरंगाबाद द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराये कालोनी काटे जाने के संबंध में नगर पंचायत के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी सेवा राम राजभर ने दिनांक 11अगस्त 2025 को नोटिस जारी किया था। उक्त नोटिस के उत्तर में उन्होने अपनी दोनों कालोनियों के नक्शे नियमानुसार स्वीकृति हेतु नगर पंचायत कार्यालय में प्रस्तुत किए। नगर पंचायत अधिकारियों द्वारा निर्धारित किए गए मानचित्र शुल्क रुपए 27991 तथा रुपए 58009 नगर पंचायत कार्यालय में जमा करा कर रसीदें प्राप्त कर ली गईं। निर्धारित मानचित्र शुल्क जमा कराए जाने के बाबजूद उनकी पत्रावलियों का निस्तारण नहीं किया गया। मालूम करने पर नगरपंचायत कर्मचारी नेमपाल सिंह ने बताया कि आपकी पत्रावलियां चेयरमैन के पास हैं।

शिकायत कर्ता ने जिलाधिकारी को यह भी अवगत कराया है कि वर्तमान चेयरमैन के सामने उनकी माता जी ने वर्ष 2023 में चुनाव लड़ा था जिसमें निकटतम प्रतिद्वंद्वी के रूप में उन्हें 27 वोटों के मामूली अंतर से शिकस्त देकर वर्तमान चेयरमैन ने चुनाव जीता था। इसी राजनीतिक विद्वेष एवं दुर्भावना के चलते उनके नक्शे पास नहीं किए गए हैं। तथा पत्रावलियां अनावश्यक रूप से लंबित रखी हैं। शिकायत कर्ता ने जिलाधिकारी से नियमानुसार जांच कराकर अपने नक्शों को पास कराने हेतु आदेश दिए जाने की मांग की है।

अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। साथ ही कहा कि संबंधित कर्मचारी से पत्रावलियां तलब की गई हैं। पत्रावलियां पेश किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!