“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” विषय पर विशेष स्कूल कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन

ग्रेटर नोएडा:राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी,विद्यालय द्वारा 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 की अवधि में “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” विषय पर एक विशेष स्कूल कम्युनिटी आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। Senior Academic Head, Ms. Daya Chaturvedi तथा विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और सक्रिय भागीदारी के साथ कक्षा 3 के विद्यार्थियों द्वारा इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों, अभिभावकों और पूरे समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बाल विकास के प्रति जागरूक करना था।
इसी क्रम में विद्यालय की ओर से कक्षा 3 के विद्यार्थियों ने गौतम बुद्ध नगर के बरौंदी चक्रसेनपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आंगनवाड़ी के बच्चों के साथ आत्मीयता से संवाद किया और उन्हें दलिया, दाल तथा विभिन्न प्रकार के फल वितरित किए। इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक विकास की निगरानी के लिए उनका ऊंचाई (Height) और वजन (Weight) भी मापा गया, जिससे उनके पोषण स्तर का सही आकलन किया जा सके। इसके साथ ही, विद्यार्थियों ने बच्चों को पौष्टिक भोजन, संतुलित एवं विविध आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय व मौसमी खाद्य पदार्थों के प्रयोग तथा सही तरीके से हाथ धोने व सुरक्षित भोजन की आदतों के महत्व को सरल व रोचक तरीके से समझाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी बड़े उत्साह के साथ नृत्य, गीत और लघु नाटिका (स्किट) प्रस्तुत की। उनकी इन मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को आनंदमय बना दिया और उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों का सहर्ष उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पोषण के साथ-साथ प्रारंभिक बाल विकास, सीखने की प्रक्रिया, मातृ पोषण और नियमित स्वास्थ्य जाँच पर भी विशेष बल दिया गया।
इस सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस आयोजन ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और समुदाय को बच्चों के पोषण, स्वच्छता, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का संदेश दिया तथा “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के भाव को पूर्णतः सार्थक सिद्ध किया।






