जीबीयू में 31 अक्टूबर से पांचवीं पी.एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन
सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ उद्घाटन समारोह तथा न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह समापन समारोह के होंगे मुख्य अतिथि

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस द्वारा पांचवीं पी.एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की अकादमिक प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विधि संस्थानों के विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रिया, कानूनी तर्क-वितर्क और वकालत संबंधी कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ 31 अक्टूबर 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, 1 नवंबर 2026 को आयोजित समापन समारोह में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों न्यायमूर्तियों ने प्रतियोगिता के संबंधित समारोहों की गरिमा बढ़ाने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है।
इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों में कानूनी ज्ञान, तार्किक विश्लेषण, शोध, वाद-प्रस्तुतीकरण तथा न्यायिक प्रक्रिया की समझ को विकसित करना है। मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को वास्तविक न्यायालयीन परिस्थितियों के अनुरूप अपने तर्क प्रस्तुत करने और कानूनी मुद्दों का विश्लेषण करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्तियों की उपस्थिति से प्रतियोगिता को विशेष महत्व और प्रतिष्ठा प्राप्त होगी। यह आयोजन विधि शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों में न्यायिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने तथा अकादमिक और न्यायिक जगत के बीच संवाद को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस के डीन प्रो. के.के. द्विवेदी ने कहा कि पांचवीं पी.एन. माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन विधि के विद्यार्थियों को अपनी कानूनी समझ, तार्किक क्षमता और वाद-प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्तियों की गरिमामयी उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगी तथा उन्हें न्यायिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और विधि के व्यावहारिक पक्षों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन विधि शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने और भावी विधि विशेषज्ञों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से विधि शिक्षा, न्यायिक जागरूकता और भावी विधि विशेषज्ञों के व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।






