तालडा-झालडा गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव से ग्रामीण परेशान

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले तालडा-झालडा गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं और कीचड़युक्त पानी भरा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित पत्र ओएसडी अभिषेक पाठक को सौंपकर गांव के मुख्य मार्ग की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कीचड़युक्त जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। गांव के मुख्य मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों के लिए सुरक्षित तरीके से पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं कराया गया। अधिकारियों की इस उदासीनता और घोर लापरवाही के कारण ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
इस दौरान रिंकू बैसला कृष्णा नागर प्रीतमपाल राठी बॉबी गुर्जर आदित्य चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।






